सुमन कल्याणपुर और कुलदीप को लता मंगेशकर सम्मान
मध्यप्रदेश सरकार ने पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर को वर्ष 2017 और संगीत निर्देशन के क्षेत्र में नामी संगीत निर्देशक कुलदीप सिंह को वर्ष 2018 के लिए राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान प्रदान करेगी। इस सम्मान के अंतर्गत दो लाख रुपये की आयकर मुक्त राशि, सम्मान पट्टिका तथा शाल-श्रीफल भेंट किए जाएंगे। प्रदेश के इंदौर में फरवरी माह में आयोजित किये जा रहे भव्य समारोह में दोनों विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह की तैयारियां की जा रही हैं। यह सम्मान संगीत निर्देशन और गायन के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिये एक वर्ष के अंतराल से दिया जाता है। हाल ही में मुम्बई में हुई। चयन समिति की बैठक में सुमन और कुलदीप का सम्मान के लिये चयन किया गया। बैठक में वरिष्ठ पार्श्व गायक सुरेश वाडकर, प्रख्यात फिल्म पत्रकार एवं माधुरी पत्रिका के संपादक रहे विनोद तिवारी और फिल्म पत्रकार सुमंत मिश्र शामिल हुए। सुमन कल्याणपुर पार्श्व गायन के क्षेत्र में 50 साल से भी अधिक समय से सृजनशील हैं। इन्होंने फिल्म-बात एक रात की, दिल एक मंदिर, दिल ही तो है, सांझ और सवेरा, जहांआरा जैसी अनेक चिंचत फिल्मों में गीतों को आवाज दी।