शाहरुख खान की अगली फिल्म 'जहाजी?
अभिनेता शाहरुख खान फिल्म 'जीरो' की विफलता के बाद से रुपहले पर्दे पर नजर नहीं आए हैं। उनके प्रशंसक शाहरुख की अगली फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। अब खबर है कि वह गिरमिटिया मजदूरों पर आधारित फिल्म में नजर आ सकते हैं, जिसका शीर्षक 'जहाजी' हो सकता है। ब्रिटिश हुकूमत के दौर की यह कहानी है। अंग्रेजों ने धूर्तता दिखाते हुए लाखों भारतीयों को गुलामी की शर्त पर मजदूरी के लिए दक्षिण अफ्रीका, फिजी, त्रिनिदाद-टोबैगो, मॉरीशस आदि देशों में भेज दिया था। अंग्रेजी के 'एंग्रीमेंट' शब्द का अपभ्रंश 'गिरमिट' था और एंग्रीमेंट पर भेजे गए भारतीयों को गिरमिटिया मजदूर कहा जाने लगा था। पानी के जहाज में भरकर उन्हें समुद्र के रास्ते ले जाया गया था। खबरों का कहना है कि शाहरुख को गिरमिटिया मजदूरों की यह कहानी काफी पसंद आई है, क्योंकि इसमें भावनाएं भी हैं और देशभक्ति भी है। उनके प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज ही इस फिल्म का निर्माण करेगी। फिलहाल निर्देशक का नाम तय नहीं हुआ है। उधर, एक खबर यह भी है कि शाहरुख खान फिल्मकार राजकमार हिरानी की अगली फिल्म में नजर आ सकते हैं। इसमें उनके साथ करीना कपूर खान नजर आएंगी। शाहरुख के साथ करीना ने भी फिल्म के लिए हामी भर दी है।