सावित्री बाई के बारे में पहले से नहीं थी जानकारी : काजोल
अभिनेत्री काजोल ने कहा है कि फिल्म 'तानाजी : द अनसंग वारियर' में वह अपनी भूमिका के प्रति संजीदा हैं, क्योंकि उन्हें तानाजी की पत्नी सावित्रीबाई के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। ओम राउत निर्देशित फिल्म में काजोल के पति अजय देवगन मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी सत्रहवीं सदी में छत्रपति शिवाजी महाराज के सेनापति रहे तानाजी के जीवन पर आधारित है। काजोल ने कहा, 'इस किरदार के लिए संजीदा इसलिए होना पड़ा क्योंकि मेरे पास पहले से इसकी कोई जानकारी नहीं थी। मैं उनके (सावित्रीबाई) किरदार तुलना किसी और से नहीं कर पाई। एक अभिनेत्री के रूप में मेरे ऊपर जिम्मेदारी है क्योंकि मुझे खुद को यकीन दिलाना था कि मैं जो कर रही हूं वह सही है। यह चुनौती भरा काम था।' उन्होंने किरदार पर शोध करने के लिए निर्देशक और परिधान डिजाइनर नचिकेत बरवे को श्रेय दिया।